राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल पोर्टमोर में मंगलवार को राष्ट्रीय स्कूली खेलकूद प्रतियोगिताओं के विजेता खिलाड़ियों के लिए सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इससे पहले उन्होंने स्कूल शिक्षा बोर्ड की 12वीं व 10वीं की मेरिट में स्थान पाने वाली पोर्टमोर स्कूल की छह छात्राओं को भी सम्मानित किया। हिमाचल स्कूल स्पोर्ट्स एसोसिएशन ने इसका आयोजन किया। बता दें, स्कूलों की 68वीं राष्ट्रीय खेलों में हिमाचल के खिलाड़ियों का प्रदर्शन शानदार रहा। इन खेलों में हिमाचल के छात्र खिलाड़ियों ने अंडर-17 और अंडर-19 की हुई प्रतियोगिताओं में 33 मेडल जीते। इनमें तीन स्वर्ण पदक और छह रजत और 24 कांस्य पदक जीत कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। अब सरकार ने मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित करने का फैसला लिया है।