आज न्यूरोलॉजी, गेस्ट्रोएंट्रोलॉजी और यूरोलॉजी की चलेगी ओपीडी
आईजीएमसी से करीब 12 किलोमीटर दूर है अस्पताल, मिलेगी शटल बस सेवा सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। अटल सुपर स्पेशलिटी आयुर्विज्ञान संस्थान (चमियाना) में सोमवार को तीन ओपीडी शुरू होंगी। टोकन नंबर लेने के बाद ही मरीजों की पर्चियां बनाई जाएंगी। पर्ची बनने के बाद नंबर ओपीडी में लगे सिस्टम पर अपडेट होगा और बारी-बारी मरीजों को इलाज के लिए बुलाया जाएगा। अस्पताल में सोमवार को न्यूरोलॉजी, गेस्ट्रोएंट्रोलॉजी और यूरोलॉजी विभाग की ओपीडी चलेगी।
अटल सुपर स्पेशलिटी आयुर्विज्ञान संस्थान (चमियाना) में न्यूरोलाॅजी, एंडोक्रायोनोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, यूरोलॉजी, प्लास्टिक सर्जरी और गेस्ट्रो एंट्रोलॉजी में कुल छह विभागों की ओपीडी चलनी है। ऐसे में सप्ताह के प्रत्येक दिन में अलग-अलग सुपर स्पेशलिटी विभागों की ओपीडी पहली मंजिल में चलेंगी। मरीज ओपीडी में सुबह 9:30 से शाम 4:00 बजे तक उपचार करवा सकेंगे। टेस्टों की सुविधा भी इसी ब्लॉक में मिलेगी। अगर कोई मरीज आईजीएमसी में सुपर स्पेशलिटी विभागों की पर्चियां बनाने के लिए आता है, तो पर्चियां नहीं बन पाएंगी। इन मरीजों को यहां से चमियाना ही जाना होगा। अटल सुपर स्पेशलिटी आयुर्विज्ञान संस्थान (चमियाना) के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुधीर शर्मा ने यह जानकारी दी है।
आईजीएमसी से चमियाना के लिए इलेक्ट्रिक बस सेवा चलाई जाएगी। यह बस शटल सेवा के रूप में काम करेगी। चमियाना प्रबंधन का दावा है कि इस बस सेवा को शुरू करने के लिए एचआरटीसी ने हामी भर दी है। वहीं चमियाना से ढली के लिए दो टेंपो ट्रेवलर शटल सेवा के रूप में सेवाएं देंगे। इससे मरीजों और तीमारदारों को अस्पताल पहुंचने और वापस आने में आसानी होगी।
इनसेट
कुछ प्वाइंटों पर संकरी है सड़क, ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर एसपी को लिखा पत्र
भट्ठाकुफर से चमियाना अस्पताल जाने वाली मुख्य सड़क कुछ प्वाइंटों पर संकरी है। इस वजह से पास लेने में कठिनाई पेश आती है। यहीं वजह है कि मरीजों को अस्पताल पहुंचने में दिक्कत पेश न हो, इसलिए अस्पताल प्रबंधन ने एसपी शिमला को पत्र लिखा है। पत्र में ट्रैफिक व्यवस्था को बनाने के लिए पुलिस के जवानों की तैनाती करने की मांग उठाई है, ताकि मरीजों को अस्पताल पहुंचने में किसी तरह की परेशानी न हो।