सीकर जिले में पड़ रही कड़ाके की सर्दी चोरों के लिए एक बड़ा सहारा बनती जा रही है। चोर इस समय लगातार चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे हैं। चोरों ने श्रीमाधोपुर के गौशाला रोड पर स्थित एक आभूषण की दुकान को निशाना बनाते हुए करीब चार लाख रुपये के जेवरात चुरा लिए। यही नहीं चोरी की यह सारी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी रिकॉर्ड हो गई।
बता दें कि शहर के गौशाला रोड स्थित मुख्य बाजार में एक ज्वैलर्स की दुकान का शटर तोड़कर करीब 4 लाख रूपए के सोने व चांदी के गहने चोरी होने का मामला आज सामने आया है। मामले में ज्वैलर्स ने पुलिस थाने में रिपोर्ट दी है। चोरी की पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई, जिसमें 4 चोर शटर को तोड़कर अंदर घुसते नजर आ रहे हैं और चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं।
पुलिस के अनुसार श्रीमाधोपुर निवासी फतेहचंद सोनी पुत्र गणपतराम सोनी ने बताया कि गौशाला रोड पर उसकी कंचन ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। सोमवार देर शाम को वह दुकान को बंद कर घर चला गया था। मंगलवार को उसके बेटे योगेश के पास चौकीदार का फोन आया कि उनकी दुकान के शटर टूटे हुए हैं। सूचना पर वे तुरंत अपनी दुकान पर पहुंचे तो वहां सामान चोरी मिला। चोरों ने दुकान से चार लाख के जेवरात पार कर लिए। पुलिस मामले में चोरों की तलाश कर रही है।