उत्तर भारत में सक्रिय वेस्टर्न डिस्टरबेंस के असर से राजस्थान में सर्दी का प्रभाव फिलहाल कमजोर पड़ा है। बीकानेर, जैसलमेर, चूरू, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर सहित उत्तर-पश्चिमी जिलों में बादल छाए रहने से न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इससे सुबह और शाम के समय चलने वाली ठंडी हवाओं और कड़ाके की सर्दी से लोगों को कुछ राहत मिली है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार प्रदेश में अगले पांच दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जबकि 18 दिसंबर से एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय हो सकता है। बीते 24 घंटों के दौरान बीकानेर संभाग के साथ-साथ जैसलमेर, जोधपुर, नागौर, झुंझुनूं और सीकर के क्षेत्रों में हल्के बादल छाए रहे। बादलों की वजह से उत्तर दिशा से आने वाली ठंडी हवाएं कमजोर रहीं, जिससे शीतलहर का असर कम महसूस किया गया।