फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jodhpur: चलती ट्रेन से गिरी महिला, पति ने चेन पुलिंग कर रोकी गाड़ी, एक किलोमीटर दूर ट्रैक के पास मिली घायल

Wed, 14 Jan 2026 04:15 PM IST
जोधपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जोधपुर

पाली जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। अहमदाबाद से जोधपुर जा रही साबरमती–जम्मूतवी एक्सप्रेस में यात्रा कर रही 42 वर्षीय महिला चलती ट्रेन से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला की पहचान जोधपुर निवासी मंजू देवी पत्नी महेंद्र के रूप में हुई है।

चक्कर आने से हुई दुर्घटना
जानकारी के अनुसार मंजू देवी सोमवार को अपने पति महेंद्र के साथ अहमदाबाद से जोधपुर लौट रही थीं। वे अपनी बेटी को अहमदाबाद स्थित हॉस्टल में छोड़कर वापस आ रही थीं। यात्रा के दौरान सुबह करीब 4:50 बजे उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। घबराहट महसूस होने पर वे डिब्बे के गेट तक हवा लेने गईं, इसी दौरान चक्कर आने से संतुलन बिगड़ा और वे चलती ट्रेन से नीचे गिर गईं।

बेहोशी की हालत में ट्रैक के पास मिलीं
कुछ समय तक पत्नी के वापस नहीं लौटने पर पति महेंद्र को अनहोनी की आशंका हुई, जिसके बाद उन्होंने चेन पुलिंग की। राजकियावास और बोमदड़ा स्टेशनों के बीच ट्रेन को रोका गया। तलाश के दौरान मंजू देवी ट्रेन रुकने की जगह से लगभग एक किलोमीटर दूर रेलवे ट्रैक के पास बेहोशी की हालत में मिलीं।

पाली से जोधपुर एम्स रेफर
घटना की सूचना मिलने पर पीछे से आ रही इंदौर–जोधपुर ट्रेन से घायल महिला को फाटक नंबर 37, बोमदड़ा लाया गया। वहां से एम्बुलेंस के माध्यम से उन्हें पाली के बांगड़ अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जोधपुर स्थित एम्स रेफर कर दिया गया। इसके बाद साबरमती–जम्मूतवी एक्सप्रेस को रवाना किया गया।

ये भी पढ़ें: FIR कराने आए युवक से कांस्टेबल ने की मारपीट, भगवान को दी गालियां, एसपी ने किया लाइन हाजिर

पुलिस ने दी जानकारी
मामले की पुष्टि करते हुए एएसआई रामलाल गुर्जर ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई। वहीं, ट्रेन में सामने की सीट पर यात्रा कर रहे पाली निवासी किशन प्रजापत ने भी महिला की तबीयत खराब होने और हादसे की जानकारी पुलिस को दी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें