हनुमानगढ़ ज़िला कलेक्टर कानाराम।
- फोटो : अमर उजाला
हनुमानगढ़ जिले में मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाता सूची अपडेट की जा रही हैं। इसमें एक जनवरी को या इससे पूर्व 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची में जोड़कर मतदाता सूचियां को अपडेट किया जा रहा है। रविवार को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान आयोजित किया गया। इस दौरान सभी बूथ लेवल अधिकारी अपने निर्धारित बूथ पर उपस्थित रहे और मतदाता सूचियों में नाम जोड़ने, हटाने एवं संशोधन आदि से संबंधित दावे आपत्तियां प्राप्त की गईं।
अभियान के दौरान बीएलओ की बूथ पर उपस्थिति तथा आमजन को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित करने के लिए एडीएम नोहर, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद्, उप पंजीयक हनुमानगढ़, उपखंड अधिकारी, तहसीलदार, विकास अधिकारी तथा शिक्षा विभाग के अधिकारियों के द्वारा मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी कानाराम ने धोलीपाल, रोड़ांवाली क्षेत्र में मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया तथा उप जिला निर्वाचन अधिकारी उम्मेदी लाल मीना ने केलनियां, पूरबसर, बिसरासर, पल्लू, ब्रह्मसर तथा धन्नासर क्षेत्र के 15 मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान लगभग 5500 नए मतदाताओं के आवेदन प्राप्त हुए हैं। इस दौरान पूरबसर भाग संख्या 157, पल्लू भाग संख्या 172, ब्रह्मसर भाग संख्या 4 धन्नासर सहित कुल 4 बीएलओ अनुपस्थित मिले। सोमवार को इन सभी बीएलओ को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। कानाराम ने सभी एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं बीडीओ को फील्ड में निरीक्षण कर बीएलओ के कार्य की मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए हैं। ताकि मतदाता पंजीकरण से शेष ना रहे और निर्वाचन विभाग की और से आवंटित लक्ष्य की पूर्ति की जा सके।