अलवर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक होटल पर रंगदारी मांगने के बाद लूट और मारपीट की घटना सामने आई है। आरोप है कि समुदाय विशेष के हिस्ट्रीशीटर अपराधियों ने करणी सेना के जिला अध्यक्ष देवेंद्र सिंह चौहान के होटल पर हमला कर तोड़फोड़ की और 20,000 रुपये लेकर फरार हो गए। घटना के विरोध में सर्व समाज के लोगों ने मिनी सचिवालय पहुंचकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो दिन का अल्टीमेटम दिया।
करणी सेना के जिला अध्यक्ष देवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि 12 दिसंबर को उनके होटल पर समुदाय विशेष के कुछ लोग आए और हर महीने 30,000 रुपये रंगदारी की मांग की। जब उन्होंने इस मांग को अस्वीकार किया तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की, होटल में तोड़फोड़ की और वाहनों को नुकसान पहुंचाया। इस दौरान एक आरोपी अल्ताफ ने होटल के गल्ले से 20,000 रुपये निकाले और भाग गया। घटना की सूचना तुरंत कोतवाली पुलिस को दी गई लेकिन चार दिन बाद भी मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
इस घटना के विरोध में करणी सेना और सर्व समाज के लोग मिनी सचिवालय पहुंचे और पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। देवेंद्र सिंह ने कहा कि पुलिस निर्दोष लोगों को गिरफ्तार कर खानापूर्ति कर रही है, जबकि मुख्य आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। करणी सेना के जिला अध्यक्ष ने चेतावनी दी है कि अगर अगले दो दिनों में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो करणी सेना उग्र आंदोलन करेगी और अलवर बंद का आह्वान किया जाएगा।