जिले के राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय में कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटरों ने समय पर वेतन न मिलने के विरोध में आज दो घंटे तक कार्य बहिष्कार किया। इससे अस्पताल में आने वाले मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ऑपरेटरों का कहना है कि हर महीने उनकी सैलरी देरी से मिलती है, जिससे उन्हें आर्थिक कठिनाइयों से गुजरना पड़ता है।
कंप्यूटर ऑपरेटर यश जोशी ने बताया कि वेतन हर महीने 7 तारीख तक आ जाना चाहिए, लेकिन ठेकेदार की लापरवाही के कारण अब तक वेतन नहीं मिला। यही नहीं पिछले एक साल से उनका एरियर भी बकाया चल रहा है, लेकिन इस पर भी कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा।
इस मामले को लेकर जिला अस्पताल, शिशु अस्पताल और जनाना अस्पताल के कंप्यूटर ऑपरेटरों ने सामूहिक रूप से कार्य बहिष्कार किया। ऑपरेटरों का कहना है कि वे मरीजों को परेशान नहीं करना चाहते लेकिन बिना वेतन के वे भी अपना काम जारी नहीं रख सकते।
इस मामले पर प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील चौहान ने ठेकेदार को नोटिस जारी किया और 50 हजार रुपये की पेनल्टी लगाई। उन्होंने कहा कि जब ठेकेदार से बातचीत की गई तो कुछ कर्मचारियों की सैलरी जारी कर दी गई, जबकि बाकी कर्मचारियों का वेतन शाम तक जारी करने का आश्वासन दिया गया है।
ऑपरेटरों ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि उन्हें समय पर वेतन नहीं मिला, तो उनका आंदोलन जारी रहेगा। इस मामले में प्लेसमेंट एजेंसी से भी बातचीत की जा रही है ताकि भविष्य में इस समस्या का स्थाई समाधान निकाला जा सके।