अलवर जिले के विजय मंदिर थाना अंतर्गत ग्राम डेहरा शाहपुर में एक व्यक्ति के पड़ोसी ने उसके परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में तीन लोग घायल हुए, जिसमें एक व्यक्ति की हालत ज्यादा खराब है। गंभीर रूप से घायल को अलवर के जनरल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। जहां उसका इलाज किया जा रहा है। दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं और उनको अंदरूनी चोटें आई हैं।
घटना की जानकारी देते हुए ओमप्रकाश ने बताया, कल शाम को उसके घर के पास लगे ट्रांसफॉर्मर से बिजली का तार हट गया। ट्रांसफॉर्मर से तार धतने के बाद दोनों पक्षों में विवाद और कहासुनी शुरू हो गयी। इस कहासुनी के दौरान उसके भाई ने यह कह दिया कि उसके पड़ोसी अपनी चक्की पर चोरी की लाइट जलाते हैं और इसी वजह से बार-बार यह तार हट जाता है। इस बात को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने होकर झगड़ा करने लगे। इसी झगड़े को आगे बढ़ाते हुए उनके पड़ोसियों ने उन लोगों पर हमला कर दिया।
इस घटना में उन्होंने सोनू, मोनू, मुरारी और जतिन व अन्य लोगों पर हमला करने का आरोप लगाया है। पीड़ित पक्ष ने बताया कि उन्होंने हमारे ऊपर सरिए से हमला किया। इस घटना में ओमप्रकाश, उसकी पत्नी प्रेम और जयराम घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि प्रेम और जयराम को थोड़ी कम चोट आयी है। इसलिए उनका प्राथमिक उपचार देकर इलाज किया गया। लेकिन ओमप्रकाश के सिर पर गहरी चोट आई है।
फिलहाल, उन्होंने विजय मंदिर थाना पुलिस में शिकायत दे दी है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच पड़ताल करने में जुटी हुई है। पुलिस हमलावरों को तलाश भी कर रही है। जो घटना के बाद फरार हो गए। पुलिस इन नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।