फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Tonk News: जिले में बारिश का कहर, टापू बना पीपलू उपखंड, जान जोखिम में डालकर स्कूली बच्चों ने नाला पार किया

Fri, 16 Aug 2024 08:08 AM IST
अजमेर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, टोंक

जिले में सीजन की शुरुआत से ही मानसून भारी तबाही मचा रहा है। जिले का पीपलू उपखंड मुख्यालय अब तक एक दर्जन से अधिक बार टापू बन चुका है। यहां आवागमन हर तरीके से ठप हो जाता है। लगातार हुई बारिश के कारण पिछले 3 दिन से दूध, सब्जी, अखबार की सप्लाई प्रभावित है। पानी कम होने पर जेसीबी मशीनों के जरिए वाहनों को निकालने तथा लोगों को एक छोर से दूसरे छोर तक लाने ले जाने का जोखिम लिया गया। गर्भवती महिला को भी जेसीबी से बरसाती नाले पार करवाए गए। 

लगातार हो रही बारिश का असर त्योहारी सीजन पर खासा नजर आने लगा है। रक्षाबंधन के लिए सजाई गई राखी की दुकानें बारिश के कारण सूनी पड़ी हैं। बाजारों में ग्राहकी नहीं है। इधर बारिश के पानी से भरे आसपास के नदी-नालों को देखने के लिए लोग वहां घूमने जा रहे हैं। हालांकि प्रशासन लगातार पानी वाले क्षेत्रों से लोगों को दूर रहने की अपील कर रहा है, इसके बावजूद लोग लापरवाही भी बरत रहे हैं।

जान जोखिम में डालकर पार किया नाला

इधर पीपलू क्षेत्र में भारी बारिश और पानी के बहाव के बीच रास्ता पार करते स्कूली विद्यार्थियों का एक वीडियो सामने आया है। क्षेत्र के चक अब्बास नगर और ऊंकारपुरा के विद्यार्थियों को 3 साल से बरसात के समय समस्या झेलनी पड़ रही है। इस बार भी पानी कम होने से बच्चे स्वतंत्रता दिवस मनाने स्कूल तो पहुंच गए लेकिन इसके बाद हुई बारिश से हालात बिगड़ने के कारण वापस आना जोखिम भरा हो गया। बच्चों को रस्सी के सहारे 4 फीट पानी के तेज बहाव में ग्रामीणों की मदद से नाला पार करना पड़ा।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें