डा. बीआर अंबेडकर वेलफेयर सोसाइटी हदियाबाद फगवाड़ा ने भारत की पहली महिला अध्यापिका और समाज सुधारक माता सावित्री बाई फुले की जयंती डा. बीआर अंबेडकर पार्क नकोदर रोड हदियाबाद फगवाड़ा में बड़ी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई। मुख्य अतिथि के रूप में डेरा सतगुरु रविदास महाराज वर्ल्ड पीस स्थान पठानकोट से महाराज गुरदीप गिरी शामिल हुए जबकि विशेष अतिथियों के रूप में पूज्य भिखनी सुमेता जी, रूप लाल गड्डू, बीबी महिंदर कौर रत्तू, साईं पप्पल शाह, भिक्खु साहिब ज्ञान शील झंडा, लेखक सोहन सहजल, अश्वनी कुमार बलाचौर उपस्थित रहे। सभी गणमान्यों ने पार्क में स्थापित बाबा साहेब डा. अंबेडकर, सावित्री बाई फुले सहित अन्य महान विभूतियों की मूर्तियों पर फूलमालाएं अर्पित की। राष्ट्र माता क्रांति ज्योत सावित्री बाई फुले के जीवन पर विभिन्न वक्ताओं ने अपने विचार साझा किए। महाराज गुरदीप गिरी ने अपने प्रवचनों के माध्यम से शिक्षा के प्रसार के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि व्यक्ति को समृद्ध और अच्छा जीवन जीने के लिए शिक्षा बहुत जरूरी है। इसलिए, जितना हो सके अपने बच्चों को शिक्षित करना चाहिए।