वृंदावन नाव हादसे में जान गंवाने वाले जलालाबाद के पंकज मल्होत्रा का आज अंतिम संस्कार कर दिया गया। पंकज का शव गोकुल के समीप यमुना नदी में उतराता हुआ मिला जो घटनास्थल से लगभग 10 किलोमीटर की दूरी पर है। पंकज मल्होत्रा अपने पारिवारिक सदस्यों के साथ वृंदावन की यात्रा पर गए थे। इसी दौरान यमुना नदी की सैर करते समय स्टीमबोट के साथ हुए दर्दनाक हादसे में वे पानी के तेज बहाव में बह गए थे। हादसे के बाद से ही स्थानीय गोताखोर और बचाव दल उनकी तलाश में जुटे हुए थे जबकि परिजन यमुना के तट पर टकटकी लगाए किसी चमत्कार की उम्मीद कर रहे थे। शव मिलने की सूचना जैसे ही जलालाबाद पहुंची पूरे शहर में शोक की लहर दौड़ गई और मृतक के आवास पर सांत्वना देने वालों का तांता लग गया।