केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि इस समय पंजाब के हालात बेहद खराब हैं। सिखों के धार्मिक स्थान श्री हरमंदिर साहिब को लगातार बम से उड़ाने की धमकियां मिल रही हैं लेकिन मान सरकार पंजाब में अमन कानून की स्थिति को ठीक करने में फेल साबित हो रही है। बिट्टू शुक्रवार को पटियाला के दौरे पर थे। मीडिया से बातचीत में रवनीत सिंह बिट्टू ने सीएम मान के ऊपर कटाक्ष करते हुए कहा कि वे सिर्फ नाम के मुख्यमंत्री हैं। सुपर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन ही हैं, जो पंजाब को हैंडल कर रहे हैं। महिलाओं को अब तक वादे के मुताबिक 1000 रुपये नहीं दिए गए हैं। स्वास्थ्य सेवाओं का बुरा हाल है। पटियाला के राजिंदरा अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान बिजली गुल होने का मामला सामने आ चुका है। यह हाल तब है जब पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डाॅ. बलबीर सिंह पटियाला जिले से विधायक हैं।