शहीद बाबू लाभ सिंह सिविल अस्पताल जालंधर में शुक्रवार शाम को डीजी गुरप्रीत देयो और पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने निरीक्षण दौरा किया। इस दौरान उन्होंने घरेलू हिंसा के मामलों में पीड़ित महिलाओं की सहायता के लिए पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की साझेदारी से शुरू की जा रही नई सुविधा की जानकारी दी। डीजी देयो ने बताया कि अस्पताल में जल्द ही दो महिला काउंसलर तैनात की जाएंगी, जो इमरजेंसी वार्ड में पहुंचने वाली घरेलू हिंसा पीड़ित महिलाओं की काउंसलिंग करेंगी। उन्होंने कहा कि अक्सर डॉक्टर इलाज के बाद पीड़ित महिला को वापस घर भेज देते हैं, जिससे कई बार उन्हें दोबारा हिंसा का सामना करना पड़ता है। नई व्यवस्था के तहत काउंसलर महिला और उसके पति दोनों से बातचीत कर मामले को समझेंगी, ताकि पीड़ित महिला सुरक्षित और शांतिपूर्ण जीवन जी सके। काउंसलर सुबह से शाम तक मौजूद रहेंगी और जहरीली वस्तुएं खाने जैसे मामलों की भी गहन जांच में मदद करेंगी। इसके साथ ही उन महिलाओं की सहायता के लिए एनजीओ का सहयोग भी लिया जाएगा, जिनके छोटे बच्चे हैं और जिन्हें अतिरिक्त समर्थन की जरूरत है।