आम आदमी पार्टी के पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया गुरुवार को जालंधर के पुष्पा गुजराल नारी निकेतन पहुंचे, जहां उन्होंने बच्चों के साथ समय बिताया और उनकी दिनचर्या, पढ़ाई, खेलकूद व शरारतों के बारे में बातचीत की। बच्चों की मासूम बातों और कहानियों पर माहौल हंसी-ठहाकों से गूंज उठा। इस दौरान उन्होंने आई.के. गुजराल स्कूल का निरीक्षण कर कक्षाओं में चल रही पढ़ाई का भी जायजा लिया। सिसोदिया ने कहा कि नारी निकेतन में बच्चों को शिक्षा के साथ सामाजिक कुरीतियों के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने परिसर में लगाए गए 'पंघूड़े' का भी निरीक्षण किया और अपील की कि जो परिवार किसी कारणवश बच्चों की देखभाल करने में सक्षम नहीं हैं, वे उन्हें सुरक्षित भविष्य के लिए यहां छोड़ सकते हैं, ताकि उनका जीवन अंधकार की ओर न जाए।