फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जालंधर में मनीष सिसोदिया का कांग्रेस-भाजपा पर बड़ा हमला: बोले- 'सतलुज' ने इतिहास दिखाया, सच छिपाने की कोशिश कर रही है भाजपा

आम आदमी पार्टी के पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया गुरुवार को जालंधर के नारी निकेतन पहुंचे, जहां उन्होंने फिल्म 'सतलुज' को लेकर जारी विवाद, पंजाब कांग्रेस की अंदरूनी कलह और राज्य की राजनीतिक स्थिति पर खुलकर अपनी बात रखी। मीडिया से बातचीत के दौरान सिसोदिया ने कांग्रेस और भाजपा दोनों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पंजाब के लोगों के साथ उनकी पार्टी मजबूती से खड़ी है और इतिहास से जुड़े मुद्दों पर सच्चाई को दबाने की कोशिश नहीं होनी चाहिए। फिल्म 'सतलुज' को लेकर उठे विवाद पर सिसोदिया ने कहा कि भाजपा को स्पष्ट करना चाहिए कि वह पंजाब के लोगों के साथ हुए कथित अत्याचारों के मुद्दे पर खड़ी है या फिर कांग्रेस के पुराने कारनामों पर पर्दा डालने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि फिल्म में दिखाए गए इतिहास पर सवाल उठाने या अभिनेता को निशाना बनाने से सच्चाई नहीं बदल जाएगी। उनके अनुसार, कांग्रेस और भाजपा दोनों को दूसरों पर आरोप लगाने के बजाय अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू पहले लंबे समय तक कांग्रेस में रहे हैं और अब भाजपा में हैं, इसलिए उन्हें भी इस इतिहास पर अपनी भूमिका स्पष्ट करनी चाहिए। पंजाब कांग्रेस में चल रही खींचतान और नेतृत्व विवाद पर सिसोदिया ने कहा कि उन्हें चरणजीत सिंह चन्नी, सुखजिंदर सिंह रंधावा या अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की आपसी राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग खुद कांग्रेस को एक झगड़ालू पार्टी के रूप में देख रहे हैं और उनकी पार्टी का पूरा ध्यान संगठन को मजबूत करने तथा सरकार के कामों को जनता तक पहुंचाने पर है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए आम आदमी पार्टी लगातार संगठन विस्तार पर काम कर रही है। वह स्वयं लगातार नेताओं और कार्यकर्ताओं से संवाद कर रहे हैं ताकि सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को हर घर तक पहुंचाया जा सके। सिसोदिया ने दावा किया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान और पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने जनता से किए गए अधिकांश प्रमुख वादों को पूरा किया है और सरकार विकास तथा जनकल्याण के एजेंडे पर काम कर रही है। अपने संबोधन के अंत में सिसोदिया ने कहा कि पंजाब धर्म और पंजाबियत की भावना का सम्मान करता है तथा राज्य के लोगों को इतिहास के काले दौर में धकेलने वालों को कभी माफ नहीं करेगा। उन्होंने दोहराया कि आम आदमी पार्टी पंजाब के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और जनता के बीच रहकर अपने काम के दम पर चुनाव लड़ेगी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें