दिल्ली लाल किला के पास कार ब्लास्ट की घटना के बाद पंजाब में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। इसी कड़ी में जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने शहर के सिटी और कैंट रेलवे स्टेशनों पर ताबड़तोड़ तलाशी अभियान (कासो) चलाया। यह अभियान पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर के निर्देशन में चलाया गया, जबकि संयुक्त पुलिस आयुक्त (ज्वाइंट सीपी) संदीप कुमार शर्मा, एडीसीपी-I आकर्षी जैन और एडीसीपी-II हरिंदर सिंह गिल ने मौके पर पहुंचकर खुद सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया। अभियान में कुल 250 पुलिस कर्मी तैनात किए गए थे, जिनमें आरपीएफ (रेलवे सुरक्षा बल), जीआरपी (राजकीय रेलवे पुलिस) और एआरपी (दंगा-रोधी पुलिस) की टीमें शामिल थी। पुलिस ने रेलवे स्टेशन के प्रवेश और निकास द्वार, प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय और पार्किंग क्षेत्र की गहन जांच की। आधुनिक हैंडहेल्ड मेटल डिटेक्टर, बैगेज स्कैनर और पीएआईएस ऐप की मदद से यात्रियों और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान की गई। वहीं, वाहश ऐप के जरिए वाहनों के स्वामित्व की जांच की गई। सभी सीसीटीवी कैमरों और दुकानों की फुटेज की भी बारीकी से समीक्षा की गई ताकि कोई संदिग्ध गतिविधि नजरअंदाज न हो। ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर संदीप शर्मा ने बताया कि दिल्ली कार विस्फोट के बाद पूरे पंजाब में हाई अलर्ट जारी है। हर संदिग्ध बैग या वस्तु की जांच की जा रही है। जनता से भी अपील है कि किसी भी अनजान बैग या संदिग्ध वस्तु को देखने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें और उससे दूर रहें। पुलिस ने शहर में मुख्य चौराहों पर अतिरिक्त चौकियां स्थापित की हैं और अधिकारियों को 24 घंटे सतर्क ड्यूटी पर रहने के निर्देश दिए हैं। जालंधर पुलिस ने नागरिकों से सहयोग और सतर्कता बरतने की अपील की है और कहा है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस हेल्पलाइन 112 पर दें।