फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीएम मान के गांव सताैज में टावर पर चढ़े बेरोजगार शिक्षक

मुख्यमंत्री भगवंत मान के पैतृक गांव सतौज में सोमवार को स्थिति तनावपूर्ण हो गई। युद्ध बेरोजगारी विरुद्ध अभियान के तहत राज्यभर से बेरोजगार संगठन वहां जुटे। उन्होंने मुख्यमंत्री के गांव में बेरोजगारों की सत्थ (चौपाल) लगाने का एलान किया था। पुलिस प्रशासन ने खुफिया इनपुट के बाद गांव के आसपास के इलाके को छावनी में बदल दिया। इसके बावजूद, कुछ प्रदर्शनकारी पुलिस को चकमा देकर गांव में प्रवेश करने में सफल रहे। 646 बेरोजगार पीटीआई अध्यापक यूनियन के सदस्य गुरसेवक सिंह और बलविंदर सिंह एक मोबाइल टावर पर चढ़ गए। उन्होंने पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और प्रदर्शन किया। दूसरी ओर, भारी पुलिस बल ने अन्य प्रदर्शनकारियों को गांव की सीमा पर रोक दिया। वीरकलां से सतौज की तरफ बढ़ रहे बेरोजगारों के बड़े काफिले को भी रोका गया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस अधिकारियों के बीच तीखी बहस हुई। धक्का-मुक्की भी देखने को मिली। गांव में प्रवेश न मिलने पर नाराज संगठनों ने सतौज की सीमा से सटे नहरी नाले पर ही धरना शुरू कर दिया। आंदोलन की अगुवाई रमन कुमार मलोट, सुखविंदर सिंह ढिलवां और अमनदीप सिंह कर रहे थे। उन्होंने मुख्यमंत्री पर वादाखिलाफी का गंभीर आरोप लगाया। नेताओं ने कहा कि खुद को आम घर का बेटा बताने वाले मुख्यमंत्री, बेरोजगारों को अपने गांव में भी पैर नहीं रखने दे रहे हैं। उन्होंने इस सख्ती को सीधे तौर पर लोकतांत्रिक व्यवस्था की हत्या बताया। घटनास्थल पर मौजूद पुलिस अधीक्षक नवरीत सिंह विर्क ने बयान दिया। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था और सुरक्षा कारणों के चलते प्रदर्शनकारियों को गांव के भीतर जाने से रोका गया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि टावर पर चढ़े युवाओं को भरोसे के बाद सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें