महिला क्रिकेट विश्व कप में भारत की ऐतिहासिक जीत के बाद पूरे देश में जश्न का माहौल है और इसी कड़ी में मोगा स्थित भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में भी विजय उत्सव मनाया गया। जिला अध्यक्ष डॉ. हरजोत कमल ने महिला टीम की विश्व विजेता बनने की खुशी में कार्यकर्ताओं और समर्थकों को मिठाई बांटी और राष्ट्रीय गौरव का यह क्षण साझा किया। जिला प्रधान डॉ. हरजोत कमल ने बताया कि जब वह मोगा के विधायक थे, तब उन्होंने मोगा की बेटी हरमनप्रीत कौर की प्रतिभा को शुरुआती दौर से ही पहचान लिया था। उनके कार्यकाल में ही दुननके गांव स्थित हरमनप्रीत कौर के आवास तक जाने वाले मार्ग का नाम ‘हरमनप्रीत कौर रोड’ रखा गया था, जो इस प्रतिभावान खिलाड़ी के सम्मान और गौरव का प्रतीक है।डॉ. कमल ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि हरमनप्रीत की यात्रा हर युवा के लिए प्रेरणा का स्रोत है,स्पष्ट लक्ष्य और दृढ़ संकल्प हो तो कोई भी मुकाम नामुमकिन नहीं। इस मौके पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।