फरीदकोट में इंप्रूवमेंट ट्रस्ट की ओर से बाजीगर बस्ती स्थित पार्क में लोगों की सुविधा के लिए करीब 8 लाख रुपये की लागत से शेड का निर्माण करवाया जाएगा। इस निर्माण कार्य का नींव पत्थर इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन गगनदीप सिंह धालीवाल और हलका विधायक गुरदित्त सिंह सेखों ने संयुक्त रूप से रखा। इस मौके पर चेयरमैन गगनदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि शहर के लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना इंप्रूवमेंट ट्रस्ट की प्राथमिकता है। पार्क में बनने वाले शेड से यहां आने वाले लोगों को काफी सुविधा मिलेगी और वे गर्मी व बारिश के दौरान भी इसका लाभ उठा सकेंगे। विधायक गुरदित्त सिंह सेखों ने कहा कि सरकार की ओर से शहर के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के साथ-साथ पार्कों और सार्वजनिक स्थानों का विकास भी जरूरी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के अधिकारी, आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता और क्षेत्र के गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।