फिरोजपुर के विधानसभा जीरा के गांव चूचक में हुए गोलीकांड के मामले में घायल युवक लवप्रीत सिंह के परिवार ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि मामले में आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई नहीं की जा रही। परिजनों के अनुसार गांव निवासी एक व्यक्ति ने लवप्रीत सिंह पर चार से पांच गोलियां चलाई थीं। इस हमले में लवप्रीत गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी रीढ़ की हड्डी में गोली लगने के कारण शरीर के निचले हिस्से में लकवे जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। परिवार का कहना है कि लवप्रीत मौत के मुंह से तो बच गया, लेकिन उसकी हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। परिवार ने बताया कि घायल युवक का इलाज लुधियाना के डीएमसी अस्पताल में चल रहा है, जिस पर अब तक 40 से 45 लाख रुपये खर्च हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत नहीं है और वे मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। परिजनों का आरोप है कि पुलिस की कार्रवाई बेहद धीमी है और मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी अब तक नहीं हुई है। परिवार ने चेतावनी दी कि यदि उन्हें जल्द न्याय नहीं मिला तो वे विभिन्न सामाजिक और किसान संगठनों का सहारा लेकर अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेंगे। इस संबंध में डीएसपी जसपाल सिंह ढिल्लों, जीरा ने बताया कि मुख्य आरोपी के पिता को गिरफ्तार किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।