पंजाब पुलिस के ऑपरेशन प्रहार-2.0 के तहत मोगा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। करीब 500 पुलिस कर्मियों की मौजूदगी में डीआईजी फरीदकोट रेंज नीलांबरी जगदले विजय के नेतृत्व में जिले में विशेष सर्च अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान लगभग 30 नशा तस्करों और गैंगस्टरों से जुड़े अपराधियों के घरों की तलाशी ली गई। डीआईजी नीलांबरी जगदले विजय ने बताया कि पूरे पंजाब में 72 घंटे के लिए ऑपरेशन प्रहार-2.0 शुरू किया गया है, जिसके तहत मोगा जिले में भी सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस सर्च ऑपरेशन में एसएसपी मोगा अजय गांधी सहित लगभग 500 पुलिस कर्मचारी शामिल रहे। मोगा के चूहरचक और बधनी कलां क्षेत्रों में संदिग्ध अपराधियों के ठिकानों पर छापेमारी की गई, जिसमें दो लोगों को गिरफ्तार किया गया और कई अन्य को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस द्वारा ड्रोन की मदद से निगरानी भी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों को उम्मीद है कि इस अभियान से अपराध पर काबू पाने में बड़ी सफलता मिलेगी। पंजाब सरकार ने स्पष्ट किया है कि इस मुहिम के तहत किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।