जिले में पुलिस द्वारा चलाए जा रहे प्रहार ऑपरेशन के तहत विभिन्न आपराधिक मामलों में वांछित 140 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की ओर से जिले के अतिसंवेदनशील क्षेत्रों और सरहदी गांवों में लगातार छापेमारी की जा रही है। ऑपरेशन के लिए 700 से अधिक पुलिस कर्मचारियों की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। डीआईजी स्नेहदीप शर्मा ने बताया कि प्रहार ऑपरेशन के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीमों ने एनडीपीएस एक्ट, गैंगस्टर गतिविधियों और अन्य मामलों में वांछित आरोपियों के अलावा भगोड़ों को भी काबू किया है। अब तक करीब 140 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन को सफल बनाने के लिए डीजीपी की ओर से फिरोजपुर पुलिस को अतिरिक्त पुलिस बल भी उपलब्ध करवाया गया है। पुलिस की विभिन्न टीमें संदिग्ध ठिकानों पर दबिश देकर पुराने मामलों में वांछित आरोपियों को पकड़ रही हैं। कार्रवाई के दौरान तीन अवैध पिस्तौल भी बरामद किए गए हैं। डीआईजी ने कहा कि प्रहार ऑपरेशन के चलते फिरोजपुर पुलिस के कई पुराने मामलों को सुलझाने में मदद मिली है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराधियों के खिलाफ यह अभियान समय-समय पर आगे भी जारी रहेगा। इस मौके पर एसएसपी भूपेंद्र सिंह सिद्धू भी मौजूद रहे।