होशियारपुर में गणतंत्र दिवस के अवसर पर मुस्लिम समुदाय ने देश के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए देशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर जामा मस्जिद से मुस्लिम समुदाय के लोगों ने हाथों में तिरंगा झंडा लेकर हिंदुस्तान जिंदाबाद के नारे लगाते हुए मार्च निकाला। इस मौके पर जामा मस्जिद के इमाम साहिब ने देशवासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई देते हुए कहा कि यह दिन पूरे भारत के लिए एक राष्ट्रीय पर्व और गर्व का दिन है। उन्होंने कहा कि 26 जनवरी 1950 को देश में संविधान लागू हुआ, जिससे प्रत्येक नागरिक को संवैधानिक और कानूनी अधिकार प्राप्त हुए। उन्होंने आगे कहा कि देश की आजादी के लिए हजारों भारतीयों ने अपने प्राणों की आहुति दी, जिनकी बदौलत आज हम एक स्वतंत्र और लोकतांत्रिक देश में रह रहे हैं। उन्होंने संविधान सभा के सदस्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनके द्वारा तैयार किया गया संविधान दुनिया के श्रेष्ठ संविधानों में से एक है। इसी संविधान के कारण भारतीय लोकतंत्र पिछले 77 वर्षों से सफलतापूर्वक चल रहा है और यह सदैव कायम रहेगा।