श्री गुरु रविदास चौक पर तेज रफ्तार कार ने नाके पर खड़ी 112 नंबर की पुलिस बोलेरो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और धमाके की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार भी बाहर निकल आए। हालांकि, गनीमत रही कि हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। जानकारी के अनुसार, पुलिस की बोलेरो नाके पर खड़ी थी और पुलिसकर्मी वाहन के अंदर मौजूद थे। इसी दौरान एयरपोर्ट की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने बोलेरो को टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि कार चालक केशव शर्मा निवासी देओल नगर रिश्तेदार को एयरपोर्ट छोड़कर वापस लौट रहा था। पुलिसकर्मी दलबीर सिंह के अनुसार, कार चालक कथित तौर पर वाहन चलाते समय फोन पर बात कर रहा था। मोड़ लेते समय उसका ध्यान भटकने के कारण कार सीधे खड़ी बोलेरो से जा टकराई। हादसे के वक्त दलबीर सिंह बोलेरो में मौजूद थे, लेकिन उन्हें कोई चोट नहीं आई। टक्कर के बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने कार चालक को रोक लिया और घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी। पुलिस के अनुसार, वाहन की क्षति की भरपाई और रिपेयर करवाने के लिए चालक को कहा गया है। यदि क्षतिग्रस्त सरकारी वाहन की मरम्मत नहीं करवाई गई तो उसके खिलाफ नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।