फिरोजपुर में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 30 किलो से अधिक हेरोइन बरामद की है। जानकारी के अनुसार, आरोपी फिरोजपुर के सीमावर्ती गांव अलीके से हेरोइन की खेप लेकर फाजिल्का की ओर जा रहे थे। तीनों आरोपी वरना कार में सवार थे। इनमें से दो आरोपी फिरोजपुर शहर के कसूरी गेट के नजदीक रहने वाले बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हेरोइन की यह खेप पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से फिरोजपुर के सीमावर्ती इलाके में पहुंचाई गई थी। सूचना मिलने के बाद एएनटीएफ टीम ने घेराबंदी कर आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ कर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा रहा है।