फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जिला रूपनगर के 10 ब्लॉकों में शिक्षा व्यवस्था बदहाल, शिक्षा क्रांति केवल दिखावा: राणा के.पी. सिंह

पंजाब विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष राणा के.पी. सिंह ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी सरकार की "शिक्षा क्रांति" केवल दिखावा बनकर रह गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था का जितना बुरा हाल वर्तमान सरकार के कार्यकाल में हुआ है, उतना पहले कभी नहीं हुआ। ब्लॉक कांग्रेस नंगल कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान राणा के.पी. सिंह ने कहा कि शिक्षकों का सबसे अधिक शोषण मौजूदा सरकार के समय में हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे शिक्षकों पर राज्य के विभिन्न शहरों में लाठीचार्ज किया जाता है, जबकि कई शिक्षक संगठन शिक्षा मंत्री के आवास के बाहर धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को स्कूलों में पढ़ाने के बजाय आर्थिक जनगणना, मतदाता सूची तैयार करने तथा अन्य गैर-शैक्षणिक कार्यों में लगाया जा रहा है। हाल ही में 45 शिक्षकों की ड्यूटी एसडीएम कार्यालय में बाढ़ सीजन के लिए बनाए गए कंट्रोल रूम में लगा दी गई, जबकि यह कार्य माइनिंग और सिंचाई विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कराया जाना चाहिए था। राणा के.पी. सिंह ने बताया कि जिला रूपनगर के अंतर्गत आने वाले सभी 10 ब्लॉकों में एक भी ब्लॉक प्राइमरी शिक्षा अधिकारी तैनात नहीं है। इसके अलावा जिले के 55 सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में 27 प्रिंसिपलों के पद रिक्त हैं। वहीं 59 हाई स्कूलों में से 27 स्कूल बिना हेडमास्टर के संचालित हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार शिक्षा के क्षेत्र में बड़े-बड़े दावे कर रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर स्कूलों में प्रशासनिक अधिकारियों और शिक्षकों की भारी कमी के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने सरकार से शिक्षा विभाग के सभी रिक्त पदों को शीघ्र भरने तथा शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्त कर केवल शिक्षण कार्य में लगाने की मांग की।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें