पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने घोषणा की है कि अगले महीने से राज्य के सभी सरकारी स्कूलों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की पढ़ाई शुरू होगी। उन्होंने विद्यार्थियों के सुझावों के आधार पर शिक्षा ढांचे में बदलाव का भी एलान किया। बैंस ने बरनाला में मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान समारोह में यह बात कही। उन्होंने बताया कि राज्य की शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक जरूरतों के अनुरूप व्यावहारिक और तकनीक आधारित बनाया जाएगा। निजी स्कूलों की फीस वृद्धि पर भी सरकार ने सख्ती की है। मंत्रिमंडल ने नया अध्यादेश मंजूर किया है, जिसके तहत फीस वृद्धि की अधिकतम सीमा पांच फीसदी तय की गई है। पिछले तीन वर्षों में नियमों से अधिक वसूली गई फीस अभिभावकों को वापस करवाई जाएगी। शिक्षा मंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार निजी स्कूलों के खिलाफ नहीं है, लेकिन शिक्षा को मुनाफे का माध्यम नहीं बनने दिया जाएगा। स्कूल ड्रेस और किताबों की अनिवार्य खरीद पर भी सख्त कार्रवाई होगी। नई भर्ती और पदोन्नति पर लगी उच्च न्यायालय की रोक हटवाने के प्रयास जारी हैं।