पंजाब में पराली जलाने के मामले 2500 के आंकड़े को पार कर गए। सोमवार को 256 नए मामले सामने आए और बीते कई दिनों की तरह सबसे ज्यादा पराली संगरूर में ही जली। संगरूर में 61 नए मामले सामने आए। पराली के जलने से सूबे की आबो-हवा में लगातार प्रदूषण बढ़ता जा रहा है। सोमवार को चार शहरों का एक्यूआई खराब श्रेणी में दर्ज किया गया जिनमें पटियाला का सबसे अधिक 250, खन्ना का 248, मंडी गोबिंदगढ़ का 234 और जालंधर का 206 दर्ज किया गया। पंजाब में सोमवार को पराली जलाने के कुल मामले 2518 हो गए। इनमें से सबसे अधिक 471 मामले जिला तरनतारन से, वहीं संगरूर से 467, फिरोजपुर से 263, अमृतसर जिले से 232, बठिंडा से 166, पटियाला से 146, कपूरथला से 104, मानसा से 94, मुक्तसर से 80, मोगा से 78, लुधियाना से 57, बरनाला से 56, मालेरकोटला से 46, जालंधर से 43, फाजिल्का से 42, फरीदकोट से 39, फतेहगढ़ साहिब से 30, एसएएस नगर से 26,होशियारपुर से 15 मामले सामने आए।