भारतीय जनता पार्टी पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष सरदार केवल सिंह ढिल्लों ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस अवसर पर पंजाब के सर्वांगीण विकास, राज्य के लोगों के कल्याण और उज्ज्वल भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। इस मुलाकात के दौरान प्रदेश अध्यक्ष ढिल्लों ने पंजाब की वर्तमान स्थिति, अर्थव्यवस्था, उद्योग, किसानों एवं मजदूरों की समस्याओं, युवाओं के भविष्य, कानून-व्यवस्था, गैंगस्टरवाद सहित कई अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रधानमंत्री के समक्ष रखा। इस मुलाकात के संबंध में ढिल्लों ने कहा कि आज की बैठक अत्यंत सार्थक और सकारात्मक माहौल में हुई। प्रधानमंत्री ने उनकी बातें गंभीरता से सुनी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पंजाब को लेकर अत्यंत चिंतित हैं और राज्य की वर्तमान परिस्थितियों से भली-भांति परिचित हैं। बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री ने पंजाब में एक कार्यकर्ता के रूप में अपने अनुभवों को भी साझा किया। ढिल्लों ने कहा कि देश के सर्वोच्च पद पर आसीन होने के बावजूद प्रधानमंत्री मोदी आज भी पंजाब की जमीनी हकीकत से जुड़े हुए हैं। केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि पंजाब की वर्तमान आम आदमी पार्टी सरकार की विफलता और दिशाहीन नीतियों के कारण राज्य आर्थिक और प्रशासनिक रूप से लगातार पिछड़ रहा है। पंजाब की रीढ़ माने जाने वाले किसान और मजदूर आज बदहाली के दौर से गुजर रहे हैं, जबकि राज्य सरकार केवल झूठे दावों और विज्ञापनबाजी तक सीमित होकर रह गई है। कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति और कमजोर औद्योगिक नीतियों के कारण उद्योग पंजाब से बाहर जा रहे हैं, जिससे राज्य के युवा रोजगार के लिए भटकने को मजबूर हैं।