अमृतसर के जंडियाला गुरु में व्यापारियों से रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। सोहैल मीर, एसएसपी देहाती अमृतसर ने प्रेस वार्ता में बताया कि पंजाब पुलिस ने डीजीपी पंजाब के निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए 30 लाख रुपये की एक्सटॉर्शन मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। एसएसपी के अनुसार, विदेश में बैठे गैंगस्टरों द्वारा स्थानीय व्यापारियों को अलग-अलग नंबरों से धमकी कॉल की जा रही थीं और नाम बदल-बदलकर रंगदारी मांगी जा रही थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर तकनीकी जांच और ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर आरोपी आजाद सिंह को काबू किया। आरोपी को पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जहां उससे गैंगस्टर नेटवर्क और अन्य साथियों के संबंध में अहम खुलासे हुए हैं। पुलिस ने कहा कि मामले में और गिरफ्तारियां संभव हैं तथा धमकी मिलने पर तुरंत एजीटीएफ हेल्पलाइन या नजदीकी थाने से संपर्क करें।