राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) के सदस्य प्रियंक कानूनगो सोमवार को अमृतसर दौरे पर श्री हरिमंदिर साहिब पहुंचे और मत्था टेककर देश की सुख-समृद्धि, आपसी भाईचारे और शांति के लिए अरदास की। उन्होंने कहा कि इस पवित्र स्थल पर आना उनके लिए सौभाग्य और ईश्वर का विशेष आशीर्वाद है। दर्शन के बाद पत्रकारों से बातचीत में कानूनगो ने बताया कि उनके अमृतसर दौरे के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठकें होंगी। इसके अलावा वह एक कॉलेज का भी दौरा करेंगे। उन्होंने संकेत दिए कि दौरे के दौरान विभिन्न संस्थानों का औचक निरीक्षण (सरप्राइज विजिट) भी किया जाएगा। मानवाधिकार के नाम पर चल रही कुछ संस्थाओं द्वारा कथित दुरुपयोग से जुड़े सवाल पर कानूनगो ने कहा कि मानवाधिकारों के नाम पर किसी भी प्रकार की गलत गतिविधि या दुरुपयोग स्वीकार्य नहीं है। सभी संस्थाओं और व्यवस्थाओं को नियमों के अनुरूप पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग का उद्देश्य लोगों के अधिकारों की रक्षा करना और कानून के दायरे में रहकर जवाबदेही सुनिश्चित करना है। दौरे के दौरान आयोग विभिन्न पहलुओं की समीक्षा करेगा और आवश्यकतानुसार संबंधित अधिकारियों से जानकारी भी प्राप्त करेगा।