अजनाला विधानसभा क्षेत्र के विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने शुक्रवार को अमृतसर के सरहदी क्षेत्र रमदास में रावी नदी के किनारे बने धुसी तटबंधों का जायजा लिया। पिछले समय में आई भीषण बाढ़ के कारण इन तटबंधों को काफी नुकसान पहुंचा था। इस दौरान जिला प्रशासन के अधिकारी भी उनके साथ मौजूद रहे। विधायक धालीवाल ने मौके पर पहुंचकर बाढ़ से क्षतिग्रस्त तटबंधों की स्थिति का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द मरम्मत व मजबूती का काम शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि पिछली बार रावी नदी में आई बाढ़ के कारण अजनाला क्षेत्र में करीब 23 तटबंध टूट गए थे, जिससे सीमावर्ती गांवों को भारी नुकसान उठाना पड़ा था। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए इन तटबंधों को मजबूत करना बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि विभिन्न स्थानों पर टूटे और कमजोर तटबंधों का निरीक्षण कर पूरा एस्टीमेट तैयार किया जा रहा है, जिसे सरकार को भेजा जाएगा। धालीवाल ने कहा कि सरकार से मंजूरी मिलते ही तीन से चार महीनों के भीतर सभी तटबंधों को मजबूत कर दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर काम में लापरवाही हुई और भविष्य में तटबंध टूटे तो उसकी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी।