जंडियाला गुरु के मुख्य बाजार में मंगलवार देर रात करीब दो बजे शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग में दो दुकानें जलकर राख हो गईं। आग की चपेट में एक बर्तन स्टोर और एक फ्रूट-जूस की दुकान आ गई। स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया। बाद में मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। घटना की सूचना मिलते ही नगर कौंसिल के प्रधान सतिंदर सिंह, वाइस प्रधान अमन विरक और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रभावित दुकानदारों से मुलाकात कर नुकसान का जायजा लिया और हरसंभव सहायता का भरोसा दिया। बर्तन स्टोर के मालिक तरुण जैन ने बताया कि उनकी दुकान परिवार की कई पीढ़ियों की मेहनत का परिणाम थी, लेकिन कुछ ही मिनटों में सब कुछ जलकर राख हो गया। उन्होंने कहा कि उनके पिता और दादा के समय से चल रहा कारोबार पूरी तरह खत्म हो गया है। वहीं, फ्रूट और जूस की दुकान के मालिक संदीप ग्रोवर ने बताया कि रात में बाजार के लोगों ने उन्हें आग लगने की सूचना दी। मौके पर पहुंचने तक पूरी दुकान आग की चपेट में आ चुकी थी। दुकान में रखे फ्रिज, जूस मशीनें और अन्य सामान पूरी तरह नष्ट हो गए। दोनों दुकानदारों ने सरकार से आर्थिक सहायता और मुआवजे की मांग की है। दुकानदारों का आरोप है कि बाजार में लंबे समय से पुरानी और खुली बिजली की तारें हादसों को न्योता दे रही हैं। उन्होंने प्रशासन से बिजली व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।