राजासांसी क्षेत्र के गांव हरसा छीना साहिबाजपुर में दहेज के लिए एक विवाहिता की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका की पहचान कुलजीत कौर के रूप में हुई है, जिसकी शादी करीब ढाई साल पहले लवप्रीत सिंह से हुई थी। दोनों का एक नौ महीने का बच्चा भी है। पीड़ित परिवार के आरोपों के अनुसार, शादी के बाद से ही कुलजीत कौर को दहेज और पिता की जमीन में हिस्सेदारी लाने के लिए लगातार परेशान किया जाता था। इस दौरान उसके साथ कई बार मारपीट भी की गई। परिवार ने बताया कि कई बार समाज के लोगों की मौजूदगी में समझौते भी कराए गए, लेकिन हालात में कोई सुधार नहीं हुआ। बताया जा रहा है कि मौत से पहले कुलजीत कौर ने अपनी बहन को फोन कर कहा था कि उसे मार दिया जाएगा और जल्द घर आने को कहा था। जब परिजन मौके पर पहुंचे तो घर में कुलजीत कौर का शव पड़ा मिला। परिजनों ने आरोप लगाया है कि ससुराल पक्ष ने उसे फांसी देकर मार डाला। पीड़ित परिवार ने साफ कहा है कि जब तक मुख्य आरोपी पति लवप्रीत सिंह को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक वे पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार नहीं होने देंगे। वहीं, चौकी कुक्कड़ांवाला के इंचार्ज कुलबीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।