अमृतसर के चौगावां ब्लॉक में किसानों ने तेल, गैस और खाद की बढ़ती कीमतों के विरोध में केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए पुतला फूंका। प्रदर्शन की अगुवाई किसान नेता सरवण सिंह पंधेर ने की। किसानों ने आरोप लगाया कि लगातार बढ़ रही महंगाई के कारण खेती की लागत में भारी इजाफा हो रहा है, जिससे किसान आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस और खाद के दाम कम करने की मांग उठाई। किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने कहा कि सरकार की नीतियों के चलते किसानों और आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कीमतों में राहत नहीं दी गई तो किसान संगठन संघर्ष को और तेज करेंगे।