फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वेयरहाउस डीएम सुसाइड मामले में परिवार ने की सीबीआई जांच की मांग

Nivedita Updated Mon, 23 Mar 2026 03:50 PM IST

अमृतसर वेयरहाउस के डीएम गगनदीप सिंह की मौत के मामले में सोमवार को मृतक के परिजनों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कई गंभीर आरोप लगाए और एक सीसीटीवी वीडियो भी जारी किया। परिजनों द्वारा जारी सीसीटीवी फुटेज में गगनदीप सिंह कथित तौर पर किसी जहरीले पदार्थ का सेवन करते हुए नजर आ रहे हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है और कई सवाल खड़े हो गए हैं। परिवार का कहना है कि यह केवल आत्महत्या का मामला नहीं है, बल्कि इसके पीछे बड़ी साजिश हो सकती है। परिवार ने केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। परिजनों का आरोप है कि गगनदीप सिंह ने पहले भी कई उच्च अधिकारियों को लिखित शिकायतें दी थीं, लेकिन उन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस संबंध में उन्होंने कुछ दस्तावेज भी मीडिया के सामने पेश किए। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान परिवार ने प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए। उनका कहना है कि जब वे डीसी से मिले तो कहा गया कि कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई, जबकि उनके पास इसके प्रमाण मौजूद हैं। साथ ही, पुलिस जांच पर भी सवाल उठाए गए कि काफी समय बीतने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। परिजनों ने सरकार को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि यदि इस अवधि में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है तो वे अपने बच्चों सहित सड़कों पर उतरेंगे। उनका कहना है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से न्याय की मांग कर रहे हैं, लेकिन मजबूरी में आंदोलन तेज करना पड़ेगा। परिवार ने यह भी दावा किया कि गगनदीप सिंह ने अपने अंतिम समय में अपने दोस्तों से कहा था कि उनकी कुर्बानी व्यर्थ नहीं जानी चाहिए। इस बयान ने पूरे मामले को और भावुक बना दिया है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में विभिन्न संगठनों और सामाजिक वर्गों से भी अपील की गई कि वे इस कठिन समय में परिवार का साथ दें। परिवार ने स्पष्ट किया कि वे किसी भी प्रकार की हिंसा के पक्ष में नहीं हैं और केवल कानूनी तरीके से न्याय चाहते हैं। वहीं, सरकार का कहना है कि मामले की जांच जारी है और कानून अपना काम कर रहा है। हालांकि, परिवार इस जवाब से संतुष्ट नहीं है। फिलहाल यह मामला पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बना हुआ है और आने वाले दिनों में इसके और तूल पकड़ने की संभावना है।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें