विवाह समारोह के दौरान चौर करवाने और छत्र झुलाने को लेकर उठे विवाद के मामले में शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) के अध्यक्ष सिमरनजीत सिंह मान के दोहते गोविंद सिंह संधू शुक्रवार को सचिवालय श्री अकाल तख्त साहिब में पेश हुए। इस दौरान उन्होंने श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार सिंह साहिब ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज को लिखित रूप में क्षमा याचना सौंपी। गोविंद सिंह संधू ने अपने माफीनामे में कहा कि वे सिख मर्यादा का पूर्ण सम्मान करते हैं। विवाह समारोह के दौरान उनसे अनजाने में मर्यादा का उल्लंघन हुआ, जिसके लिए वे संपूर्ण सिख संगत से दिल से माफी मांगते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका किसी भी धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था। गोविंद सिंह संधू ने यह भी आश्वासन दिया कि भविष्य में वे सिख धार्मिक परंपराओं और मर्यादाओं का पूरी तरह पालन करेंगे और इस प्रकार की भूल दोबारा नहीं होगी। उल्लेखनीय है कि इस मामले को लेकर सिख समुदाय में काफी चर्चा रही, जिसके बाद उनकी श्री अकाल तख्त साहिब में पेशी को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।