शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी में प्रशासनिक बदलाव करते हुए प्रताप सिंह की जगह बलविंदर सिंह कालवां को नया सचिव नियुक्त किया गया है। नियुक्ति के बाद कालवां ने मीडिया से बातचीत में अपनी जिम्मेदारी के लिए गुरु साहिब का आभार व्यक्त किया। नवनियुक्त सचिव बलविंदर सिंह कालवां ने कहा कि वह सबसे पहले गुरु राम दास के कोटि-कोटि आभारी हैं, जिनकी कृपा से उन्हें गुरु घर की सेवा का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी उन्हें धर्म प्रचार के क्षेत्र में सेवा करने का मौका मिला और अब उन्हें एसजीपीसी में सचिव के रूप में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने एसजीपीसी अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी का भी धन्यवाद किया, जिन्होंने उन पर भरोसा जताया। कालवां ने कहा कि धर्म प्रचार के दौरान सिखी के प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देने और युवाओं को नशे से दूर रखकर गुरु की बाणी और बाणे से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए गए हैं। उन्होंने बताया कि पिछले समय में सिख योद्धाओं और शहीदों की शताब्दियां बड़े स्तर पर मनाई गईं। साथ ही गुरु तेग बहादुर के शहीदी दिवस समेत भाई मती दास, भाई सती दास और भाई दयाला जी की शहादत को भी व्यापक स्तर पर याद किया गया। इस दौरान नगर कीर्तन विभिन्न राज्यों से होते हुए आनंदपुर साहिब तक पहुंचा। कालवां ने कहा कि शिरोमणि कमेटी एक ऐतिहासिक संस्था है, जो अपने 106वें वर्ष में प्रवेश कर रही है। इस संस्था की स्थापना सिख कौम के पूर्वजों ने कुर्बानियां देकर की है और इसकी गरिमा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने अपील की कि सभी कर्मचारी और सिख संगत मिलकर निस्वार्थ भावना से गुरु घर की सेवा करें और संस्था को नई ऊंचाइयों तक ले जाएं।