अमृतसर के सीआईए-2 के कार्यालय में शुक्रवार को एक एएसआई की गोली लगने से संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतक की पहचान एएसआई जतिंदर सिंह के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस अधिकारियों की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि एएसआई को लगी गोली उनकी अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से चली है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो सका कि गोली क्यों और कैसे चली। ये आत्महत्या का प्रयास था या किसी और वजह से यह घटना हुई है। इसकी पुलिस जांच कर रही है। घटना स्थल को सील कर फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है ताकि हथियार और आस-पास के साक्ष्यों की बारीकी से जांच की जा सके। अभी तक पुलिस अधिकारियों की ओर से स्थिति को स्पष्ट नहीं किया गया है।