अमृतसर में खालसा कॉलेज गेट नंबर-4 के बाहर सोमवार को एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर बीआरटीएस की रेलिंग से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि रेलिंग के लोहे के ग्रिल कार के आर-पार हो गए और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार तेज रफ्तार में थी और चालक कथित तौर पर नशे की हालत में था। इसी कारण वह वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे बीआरटीएस रेलिंग से जा भिड़ी। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। हादसे में कार को भारी नुकसान पहुंचा, लेकिन किसी राहगीर या वाहन सवार के घायल होने की सूचना नहीं है। स्थानीय लोगों का दावा है कि चालक ने शराब पी रखी थी, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।