चौथे पातशाह श्री गुरु रामदास जी का 492वां प्रकाश पर्व मंगलवार को सचखंड श्री हरिमंदिर साहिब में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इस पावन अवसर पर देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु गुरु घर में माथा टेकने और गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त करने पहुंचे। श्रद्धालुओं ने पवित्र सरोवर में स्नान किया और लंबी कतारों में लगकर श्री हरिमंदिर साहिब में नतमस्तक हुए। प्रकाश पर्व के अवसर पर श्री दरबार साहिब को देशी-विदेशी फूलों से सजाया गया है। फूलों से सजे परिसर की अलौकिक छटा देखकर श्रद्धालु भावविभोर नजर आए। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से पर्व को लेकर विशेष प्रबंध किए गए हैं। सुबह गुरुद्वारा मंजी साहिब दीवान हॉल में श्री अखंड पाठ साहिब के भोग डाले गए। इसके बाद धार्मिक दीवान सजाए गए, जिनमें पंथ के प्रसिद्ध रागी, ढाडी और कविशरी जत्थों ने गुरबाणी कीर्तन और गुरु इतिहास के माध्यम से संगत को निहाल किया। प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में श्री हरिमंदिर साहिब, श्री अकाल तख्त साहिब और गुरुद्वारा बाबा अटल राय साहिब में ऐतिहासिक और बेशकीमती वस्तुओं से सजे जलौ साहिब के दर्शन भी करवाए जाएंगे। शाम को रहिरास साहिब के पाठ के बाद श्रद्धालु दीपमाला करेंगे। इसके साथ ही एसजीपीसी की ओर से आतिशबाजी भी की जाएगी। प्रकाश पर्व को लेकर पूरे परिसर में धार्मिक उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना हुआ है।