अजनाला के गांव गुज्जापीर के पास निकासी नाले में डूबने से 34 दुधारू पशुओं की मौत हो गई। हादसे में गुर्जर समुदाय के कई परिवारों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार, लगातार बारिश से नाला लबालब भरा था और उसमें उगी जलकुंभी व झाड़ियों की समय पर सफाई नहीं होने से करीब 38 पशु फंस गए। ग्रामीणों ने बचाव का प्रयास किया, लेकिन 34 पशुओं को नहीं बचाया जा सका। पीड़ित परिवारों का कहना है कि पशुपालन ही उनकी आजीविका का मुख्य साधन है और इस हादसे से वे आर्थिक संकट में आ गए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन पर निकासी नालों की सफाई में लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि यदि समय पर सफाई होती तो हादसा टाला जा सकता था। पीड़ितों ने पंजाब सरकार से उचित मुआवजा देने, जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने और क्षेत्र के सभी निकासी नालों की तत्काल सफाई कराने की मांग की है।