फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Tikamgarh News: गायों से टकराने के बाद अवैध शराब से भरी स्कॉर्पियो पलटी, एक की मौत, एक घायल, किसकी है शराब

Fri, 01 Nov 2024 12:43 PM IST
टीकमगढ़ ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, टीकमगढ़

टीकमगढ़-झांसी हाईवे पर बीती रात एक स्कॉर्पियो गाय से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में एक गाय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गाय घायल हो गई। हादसे के बाद स्कॉर्पियो में सवार लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्कॉर्पियो से 23 पेटी अवैध शराब बरामद की, जबकि कुछ पेटियां ग्रामीणों ने पुलिस के पहुंचने से पहले ही लूट लीं।

दिगौड़ा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बीती रात दिगौड़ा थाना क्षेत्र में टीकमगढ़-झांसी हाईवे पर एक स्कॉर्पियो सड़क पर बैठी गायों से टकराकर पलट गई। स्कॉर्पियो में सवार करीब चार लोग मौके से भाग गए। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और देखा कि एक गाय की मौत हो चुकी थी और एक गाय घायल थी। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 23 पेटी अवैध शराब पाई गई। पुलिस ने ड्राइवर और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

ग्रामीणों ने लूटी शराब
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रात करीब 10 बजे के आसपास स्कॉर्पियो के पलटते ही उसमें सवार लोग भागने लगे, जिनमें से एक व्यक्ति के पास राइफल थी। भागने के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और देखा कि शराब की पेटियां खुली पड़ी थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ग्रामीणों ने करीब 20 से 25 पेटी शराब उठा लीं, जबकि पुलिस ने 23 पेटी शराब बरामद की, जिनमें 22 पेटी सफेद देसी शराब और एक पेटी लाल अंग्रेजी शराब थी।

जिला पंचायत सदस्य करता था स्कॉर्पियो का उपयोग
निवाड़ी जिले की वार्ड नंबर 9 से जिला पंचायत सदस्य नीरज यादव इस स्कॉर्पियो का उपयोग करता था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह स्कॉर्पियो नीरज स्वयं चलाता था। जिला पंचायत सदस्य के साथ-साथ वह पृथ्वीपुर नगर में कोचिंग भी संचालित करता है। जब नीरज यादव से दूरभाष पर बात की गई, तो उन्होंने कहा कि यह वाहन उनका नहीं है। पुलिस इस मामले की जांच कर सकती है। सूत्रों का कहना है कि नीरज लंबे समय से इस स्कॉर्पियो का उपयोग करता रहा है।

चेकिंग पर उठे सवाल
टीकमगढ़ के पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई ने सभी थाना प्रभारियों को वाहन चेकिंग के आदेश दिए थे। जिस समय यह वाहन टीकमगढ़ से निवाड़ी की ओर जा रहा था और दिगौड़ा थाना से मात्र 200 मीटर की दूरी पर पलटा, इससे यह सवाल उठता है कि पुलिस ने वाहन की जांच क्यों नहीं की। सूत्रों के अनुसार, वाहन चालक को एक स्थानीय नेता का संरक्षण प्राप्त है जो सत्ताधारी दल से जुड़ा है, इसी कारण पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि घटना के एक घंटे बाद यह नेता पुलिस थाने भी पहुंच गए थे। पुलिस ने स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया है और अज्ञात चालक व एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ आबकारी और दुर्घटना का मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है, जिसके बाद आरोपियों के नाम का खुलासा किया जाएगा।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें