शाजापुर नगर पालिका ने शहर में अवैध नल कनेक्शन और बकाया जलकर की वसूली को लेकर सख्त कदम उठाते हुए रविवार को एक विशेष अभियान चलाया। नगर में सैकड़ों अवैध नल कनेक्शन पाए गए हैं, जबकि कई उपभोक्ता ऐसे हैं जो जलकर का भुगतान नहीं कर रहे हैं।
इस अभियान के तहत नगर पालिका की टीम ने बड़े बकायादारों के घर-घर जाकर जलकर की बकाया राशि वसूल की और अवैध नल कनेक्शन काटे। नगर पालिका के सीएमओ मधु सक्सेना ने बताया कि जलकर की राशि वसूलने और अवैध नल कनेक्शन को हटाने के लिए नगर पालिका द्वारा यह अभियान चलाया जा रहा है। अब तक करीब एक दर्जन अवैध नल कनेक्शन काटे जा चुके हैं।
सक्सेना ने शहरवासियों से आग्रह किया है कि वे समय पर जलकर की राशि जमा करें ताकि किसी भी असुविधा से बचा जा सके। रविवार को नगर के विभिन्न हिस्सों में नगर पालिका की टीम द्वारा कार्रवाई की गई और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
---