शहडोल जिले के बांधवगढ़ में 10 हाथियों की मौत के बाद देश में हड़कंप मचा हुआ है। हाथियों की मौत के बाद एक हाथियों का दल शहडोल जिले के वन परिक्षेत्र के ब्यौहारी में दस्तक देकर संजय गांधी टाइगर रिजर्व के लिए रवाना हो गए हैं। ब्यौहारी वन परिक्षेत्र के देवरा एवं सरवाही गांव में दो दिनों पहले 10 हाथियों ने दस्तक दी थी और किसानों की खड़ी फसलों को काफी नुकसान भी पहुंचा था।
बताया गया कि ब्यौहारी के देवरा एवं सरवाही गांव की सीमा बांधवगढ़ एवं संजय गांधी टाइगर रिजर्व से जुड़े होने की वजह से यहां 10 हाथी का एक दल दो दिन पहले रात में पहुंचकर किसानों की खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचाने के बाद संजय गांधी टाइगर रिजर्व की ओर चले गए हैं। गांव में जब हाथी आए तब स्थानीय लोगों ने मामले की जानकारी वन अमले को दी थी, जिसके बाद वन विभाग की दो टीमें हाथियों की निगरानी बनाए हुए हैं। टाइगर रिजर्व की सीमा से जुड़े होने की वजह से यहां जंगली जानवरों का आना-जाना बना रहता है।
ब्यौहारी एसडीओ रेशम सिंह धुर्वे से जब इस संबंध में बात की गई तो उनका कहना है कि 10 हाथियों का डाल दो दिन पहले इस क्षेत्र में आया था, जिसकी निगरानी के लिए हमने दो टीमों का गठन किया है, जिसमें कुल 14 लोग शामिल हैं। अब हाथी संजय गांधी टाइगर रिजर्व की ओर चले गए हैं। दिन में वह टाइगर रिजर्व की सीमा पर रहते हैं और रात होते ही फसलों को खाने राजस्व भूमि में आ जाते हैं, जिसकी निगरानी के लिए टीम तैनात है। कई क्षेत्रों में मुनादी भी करवाई जा रही है कि जंगल की ओर लोग न जाएं, यहां हाथी आए हुए हैं।