फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ratlam Crime: रतलाम में कंटेनर से 106 किलो डोडाचूरा जब्त, कंबलों के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे दो आरोपी

Sat, 22 Aug 2026 05:10 PM IST
रतलाम ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रतलाम

रतलाम जिले में पुलिस लगातार मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। तस्कर पुलिस से बचने के लिए तस्करी के तरीके बदल रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद वे पुलिस की पकड़ से बच नहीं पा रहे हैं। पुलिस इससे पहले कार, लोडिंग वाहन, ट्रक और कंटेनर में मुर्गी दाने सहित अन्य सामान के बीच छिपाकर मादक पदार्थ ले जाते तस्करों को पकड़ चुकी है। अब बिलपांक पुलिस ने महू-नीमच हाईवे पर कंटेनर में कंबलों के नीचे डोडाचूरा छिपाकर ले जा रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 106 किलो 47 ग्राम डोडाचूरा और कंटेनर जब्त किया गया है। एएसपी (रतलाम शहर) राकेश पंद्रो ने शनिवार दोपहर पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित पत्रकारवार्ता में बताया कि एसपी अमित कुमार के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि जावरा की तरफ से इंदौर जा रहे कंटेनर क्रमांक एनएल-01-एए-6956 में डोडाचूरा ले जाया जा रहा है।

पढें: कुबेरेश्वरधाम जाने से पहले पढ़ लें ट्रैफिक प्लान, 23 से 25 अगस्त तक इन रास्तों पर रहेगा डायवर्जन सूचना के आधार पर शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात रतलाम ग्रामीण एसडीओपी किशोर पाटनवाला के मार्गदर्शन में बिलपांक थाना प्रभारी अय्यूब खान के नेतृत्व में पुलिस टीम को कंटेनर की तलाश के लिए रवाना किया गया। टीम ने महू-नीमच हाईवे पर कंटेनर की तलाश की। इस दौरान कंटेनर बिलपांक थाना क्षेत्र के सातरूंडा फंटे के पास ले-बाय पर खड़ा मिला। पुलिस ने घेराबंदी कर कंटेनर के ड्राइवर 42 वर्षीय मोहनलाल पिता बगदीराम माली, निवासी ग्राम बराड़ा, सरवनिया महाराज के पास, थाना जावद, जिला नीमच और क्लीनर 53 वर्षीय प्रेमचंद पिता केसुराम धाकड़, निवासी ग्राम रामपुरिया, थाना बेगूं, जिला चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) को हिरासत में लिया। कंटेनर की तलाशी लेने पर कंबलों के नीचे डोडाचूरा के छह कट्टे छिपाकर रखे मिले। कट्टों में कुल 106 किलो 47 ग्राम डोडाचूरा भरा हुआ था। पुलिस ने डोडाचूरा और कंटेनर जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे डोडाचूरा नीमच की संगराणा घाटी निवासी अनील सिंह राजपूत से लेकर महाराष्ट्र के मालेगांव की ओर जा रहे थे। पुलिस आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि डोडाचूरा किसे पहुंचाया जाना था और इस तस्करी में और कौन लोग शामिल हैं।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें