मैहर में हो रही बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। शुक्रवार दोपहर जिले के कई इलाकों में तेज बारिश के साथ ओले गिरने से किसानों की फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। पिछले दो दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश ने गेहूं, चना और सरसों जैसी दलहन फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है। खासकर अमदरा और रामनगर क्षेत्र में यह नुकसान अधिक हुआ है।
किसानों को भारी नुकसान
शुक्रवार देर शाम अमदरा और रामनगर में करीब 10 मिनट तक ओले गिरे, जिससे खेतों में खड़ी फसलें बर्बाद हो गईं। इस ओलावृष्टि का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें ओलों की मार साफ देखी जा सकती है। लगातार खराब मौसम के कारण किसान चिंतित हैं क्योंकि कटाई के समय पर आई इस आपदा से उनकी मेहनत पर पानी फिर गया है।
ये भी पढ़ें - अचानक मौसम ने बदली करवट. दोपहर बारिश के साथ हुई ओलावृष्टि, इन फसलों को हुआ नुकसान
प्रदेश के कई हिस्सों में बदला मौसम
मध्य प्रदेश के कई जिलों में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है। रीवा, सागर, सीहोर और भोपाल समेत 20 से अधिक जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि हुई है। इससे दलहन और रबी फसलों को काफी नुकसान हुआ है।
ये भी पढ़ें - बारिश के साथ गिर रहे ओले, बटियागढ़ और पथरिया क्षेत्र में फसलों को नुकसान की आशंका
मौसम विभाग की चेतावनी
मौसम विभाग ने पहले ही चेतावनी जारी की थी कि प्रदेश में तीन सिस्टम सक्रिय हैं, जिससे बारिश, आंधी और ओलावृष्टि की संभावना बनी हुई है। गुरुवार को कई जिलों में हल्की बारिश और ओले गिरने की खबरें आई थीं, वहीं शुक्रवार को भी तेज बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई। किसानों को सलाह दी जा रही है कि वे अपनी फसल बचाने के लिए आवश्यक उपाय करें।