मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए पार्टियों के नेता टिकट प्राप्त करने के लिए खूब मशक्कत कर रहे हैं। दूसरी ओर कई नेता अपनी सियासी विरासत को बढ़ाने की कोशिश में लगे हैं। इसी के चलते विधानसभा सीट के लिए कुछ नेता अपने पुत्र-पुत्रियों को राजनीतिक रण में उतारने की कवायद में है, तो कई अपने रिश्तेदारों के लिए टिकट मांग रहे हैं।
इंदौर की 3 नंबर विधानसभा सीट से लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन बेटे मंदार महाजन को उतारने की जुगत में हैं। मंदार काफी लंबे समय से इस सीट पर सक्रिय हैं।
इंदौर से महापौर मालिनी गौड़ अपने बेटे एकलव्य को विधानसभा चुनाव में उतारने का मन बना रही हैं। माना जा रहा है कि मालिनी एकलव्य के लिए इंदौर 4 नंबर सीट चाहती हैं।
इंदौर से ही भाजपा के दिग्गज नेता कैलाश विजयवर्गीय अपने बेटे आकाश विजयवर्गीय को विधानसभा चुनाव में उतारने की कोशिश में हैं। वो आकाश के लिए इंदौर की 2 नंबर और महू सीट चाहते हैं।
रतलाम-झाबुआ से सांसद और कांग्रेस नेता कांतिलाल भूरिया अपने बेटे विक्रांत को विधानसभा चुनाव के जरिए लांच करना चाहते हैं।
कांग्रेस नेता महेश जोशी भतीजे अश्विन जोशी के बाद अपने बेटे दीपक जोशी को राजनीति में लाने की कोशिश में हैं। इस बार वो इंदौर 3 से भतीजे के बजाय बेटे दीपक जोशी को टिकट दिलाना चाहते हैं।