फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Khargone News: एसआईआर के नाम पर वोट कटने का आरोप, कांग्रेस बोली- भाजपा लोकतंत्र से कर रही खिलवाड़

Thu, 29 Jan 2026 03:38 PM IST
खरगोन ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, खरगोन

विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) के मुद्दे को लेकर गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट का घेराव किया। प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक रवि जोशी और जिला कांग्रेस अध्यक्ष रवि नाईक के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आम मतदाता कलेक्ट्रेट के सामने सड़क पर धरने पर बैठ गए। प्रशासन द्वारा कलेक्ट्रेट के अंदर जाने से रोके जाने के बाद हालात बिगड़ गए और चित्तौड़गढ़-भुसावल राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम की स्थिति बन गई। इससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हुआ, जिसके चलते प्रशासन को मार्ग डायवर्ट करना पड़ा। वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी स्थिति संभालने में जुटे रहे।

धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष रवि जोशी ने आरोप लगाया कि भाजपा के दबाव में निर्वाचन आयोग द्वारा एसआईआर के नाम पर वैध मतदाताओं के नाम काटने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि जिले में करीब 40 हजार और खरगोन विधानसभा में साढ़े 12 हजार से अधिक मतदाताओं के नामों पर झूठी आपत्तियां दर्ज कराई गई हैं। रवि जोशी ने कहा कि कांग्रेस समय-समय पर जिला प्रशासन को लिखित रूप से अवगत कराती रही है कि वैध मतदाताओं के नाम किसी भी स्थिति में नहीं काटे जाएं, इसके बावजूद भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा दुर्भावनापूर्ण तरीके से आपत्तियां लगाई जा रही हैं।

पढे़ं: कटाई से पहले उजड़ी उम्मीदें, 15 से ज्यादा गांवों में ओलावृष्टि का असर; कई गांवों में फसलें धराशायी 

रवि जोशी ने कहा कि आश्चर्य की बात यह है कि पेंशनधारियों ही नहीं, बल्कि निर्वाचन कार्य में लगे बीएलओ के नामों पर भी आपत्तियां दर्ज कराई गई हैं। यह पूरी प्रक्रिया लोकतंत्र को कमजोर करने की साजिश है। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि जिन लोगों ने झूठी आपत्तियां दर्ज कराई हैं, उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष रवि नाईक ने कहा कि कांग्रेस वैध मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी ताकत के साथ संघर्ष करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक दो प्रमुख मांगें वैध मतदाताओं के नाम न काटे जाने और झूठी आपत्तियां लगाने वालों पर कार्रवाई पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। कांग्रेस नेताओं ने यह भी बताया कि उनके पास झूठी आपत्तियों से जुड़े दस्तावेज और प्रमाण मौजूद हैं, जिन्हें धरना समाप्त होने के बाद प्रशासन को सौंपा जाएगा।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें